रक्षाबंधन

रक्षाबंधन
क्या होता है रक्षाबंधन?
क्या है वास्तव में रक्षाबंधन का अर्थ?

क्या सिर्फ इतना कि
हर बहन अपने भाई की कलाई पर
महंगी से महंगी राखी बाँधे,
और बदले में कोई महंगा-सा तोहफा पाए?

क्या यही है रक्षाबंधन?

रक्षाबंधन का अर्थ क्या है?
‘रक्षा’ मतलब—सुरक्षा करना,
और ‘बंधन’ मतलब—एक पवित्र बंधन।

राखी का अर्थ
सिर्फ खूबसूरत, चमकते मोतियों से सजी
महंगी राखी नहीं,
बल्कि एक पवित्र डोर और धागा है,
जो प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी से जुड़ा है।

लेकिन आज के रक्षाबंधन का अर्थ
जैसे बदलता जा रहा है।

दस दिन पहले से शॉपिंग होनी चाहिए,
महंगी, चमक-दमक वाली
चाँदी और सोने जैसी राखी होनी चाहिए।

महंगी से महंगी मिठाई होनी चाहिए,
और बदले में
बड़ा से बड़ा,
महंगा से महंगा
गिफ्ट या उपहार होना चाहिए।

तभी भाई की कलाई पर राखी बाँधी जाएगी,
अन्यथा नहीं!

कैसी धारा है यह?
क्या इसी को हमने
रक्षाबंधन का नाम दे दिया है?

यह त्योहार
सिर्फ भाई-बहन का नहीं है।

बहन अपने भाई को ही नहीं,
अपने माता-पिता को,
बड़े-छोटे भाई-बहनों को,
अपने गुरु को,
अपने बच्चों को
और उन सभी को राखी बाँध सकती है,
जो उसके जीवन में
प्रेम, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक हैं।

क्योंकि हमारी माँ भी हमारी रक्षा करती है,
हमारे गुरु भी हमें सही राह दिखाते हैं,
और हमारे अपने भी
हर मुश्किल में हमारा साथ देते हैं।

इसलिए
रक्षाबंधन केवल
भाई-बहन का त्योहार नहीं,
बल्कि प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का त्योहार है।

कहा जाता है—
राखी इसलिए बाँधी जाती है
ताकि भाई अपनी बहन की रक्षा करे।

लेकिन सोचिए…

जिस भाई का जन्म कल ही हुआ,
जो खुद इतना छोटा और नासमझ है,
वह अपनी बड़ी बहन की रक्षा
कैसे कर सकता है?

जो अभी स्वयं
अपनी रक्षा करना नहीं जानता,
वह हमारी रक्षा कैसे करेगा?

इसलिए राखी बाँधने का अर्थ
सिर्फ यह नहीं होना चाहिए
कि भाई हमारी रक्षा करेगा।

बल्कि इसका अर्थ होना चाहिए—

भाई अपनी बहन को
खुद अपनी रक्षा करना सिखाए।

उसे किसी पर आश्रित होना नहीं,
बल्कि अपने पैरों पर खड़ा होना सिखाए।

उसे अपनी लड़ाई,
अपना संघर्ष
खुद लड़ना सिखाए।

उसे घर के चूल्हे-चौके तक
सीमित न रखे,
बल्कि बाहर की दुनिया दिखाए।

उसे सही और गलत की
पहचान करना सिखाए।

उसे कर्मठ, साहसी
और मजबूत बनाए।

उसे इतना सक्षम बनाए
कि वह अकेले भी
पूरी दुनिया का सामना कर सके।

उसे किसी के सहारे की जरूरत न पड़े,
बल्कि वह अपनी मेहनत और हौसले से
अपनी जंग खुद जीतकर आए।

उसे ऐसी बनाइए
कि वह झाँसी की रानी जैसी साहसी बने,
कल्पना चावला जैसी सपने देखने का साहस रखे,
और मदर टेरेसा जैसी सेवा और समर्पण की मिसाल बने।

इस रक्षाबंधन
उसे महंगे-महंगे तोहफे देने के बजाय
एक ऐसा उपहार दीजिए
जो जीवनभर उसके साथ रहे।

उसे शिक्षा का उपहार दीजिए,
उसे आत्मनिर्भर बनने की सीख दीजिए,
उसे हिम्मत और आत्मविश्वास दीजिए।

उसे किताबी दुनिया से जोड़िए,
ज्ञान की दुनिया से परिचित कराइए।

क्योंकि महंगा उपहार
कुछ समय की खुशी दे सकता है,
लेकिन शिक्षा और आत्मनिर्भरता
पूरी जिंदगी उसका साथ निभाती है।

आइए, इस रक्षाबंधन
राखी की डोर को
सिर्फ कलाई पर नहीं,
सोच और संस्कारों से बाँधें।

क्योंकि—

रक्षाबंधन का सबसे बड़ा उपहार
महंगी राखी या महंगा तोहफा नहीं,
बल्कि अपनी बहन को
इतना सक्षम बनाना है
कि वह अपनी रक्षा
खुद कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *